शराब के ठेके के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवक घायल; हमलावर फरार

रिंग रोड पर दो पक्षों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने गठित की विशेष टीम, CCTV फुटेज खंगाल रही जांच एजेंसियां


देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के दौरान देसी कट्टे से की गई फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गया। फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में छर्रा लगा, जिन्हें कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिनका दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *