पत्रकारिता से राजनीति तक: प्रवीण सैनी ने ठोकी लक्सर विधानसभा की दावेदारी

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बुधवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। लक्सर प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण सैनी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लक्सर सीट से चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा कर दी। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि अब लक्सर की जनता को केवल चुनावी वादों की नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास और जनसमस्याओं के समाधान की आवश्यकता है।


प्रवीण सैनी ने कहा कि खनन बहुल क्षेत्र होने के बावजूद लक्सर आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और युवाओं को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सिंचाई और बाढ़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले नेता जीत के बाद क्षेत्र की समस्याओं से मुंह मोड़ लेते हैं।


उन्होंने कहा कि वर्षों से पत्रकारिता के माध्यम से वह जनता की आवाज उठाते रहे हैं और क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या को करीब से देखा है। अब समय आ गया है कि इन मुद्दों को केवल खबरों तक सीमित न रखकर उनके समाधान के लिए सीधे संघर्ष किया जाए।


प्रवीण सैनी ने बताया कि विधानसभा चुनाव लड़ने के विषय में लक्सर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मिले समर्थन और क्षेत्र की जनता के लगातार मिल रहे सहयोग के बाद उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जसवीर चौधरी ने कहा कि प्रवीण सैनी ने लंबे समय तक निष्पक्ष पत्रकारिता करते हुए जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। ऐसे व्यक्ति की विधानसभा में आवश्यकता है जो चुनाव जीतने के बाद भी जनता के बीच बना रहे।


वहीं प्रेस क्लब के महामंत्री जाने आलम ने कहा कि यह निर्णय केवल एक राजनीतिक घोषणा नहीं, बल्कि लक्सर के विकास और जनअधिकारों की लड़ाई की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी मजबूती से प्रवीण सैनी के साथ खड़े हैं।


प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पत्रकार रजनीश धीमान, फिरोज अहमद, विनोद धीमान, अरुण कुमार, लोकेश कुमार, सोमपाल सैनी, अमन चौधरी, गोविंद चौधरी, फारूक, जानी चौधरी, फरमान अली, श्याम राठी, रजनीश सैनी, केके शर्मा, बृजमोहन शर्मा और गुलशन आजाद सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।


प्रवीण सैनी के चुनावी ऐलान के बाद लक्सर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पत्रकारिता से राजनीति में कदम रखने वाले प्रवीण सैनी आगामी चुनाव में जनता का कितना विश्वास हासिल कर पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *