हरिद्वार। जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में चौकीदार को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह द्वारा तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 9 जून को अमानतगढ़ क्षेत्र स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में कुछ बदमाश बड़ी चोरी की नीयत से घुसे थे। फैक्ट्री के चौकीदार ने साहस दिखाते हुए उनके मंसूबों को नाकाम करने का प्रयास किया, जिस पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद बुग्गावाला थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी लुकमान को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। लुकमान से हुई पूछताछ में पुलिस को पूरे गिरोह और वारदात की साजिश के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
घटना से क्षेत्र में फैले भय को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद बुग्गावाला थाना पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए फैक्ट्री की ओर आने-जाने वाले दुर्गम मार्गों पर लगातार निगरानी रखी। कई दिनों की मेहनत और सटीक सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने यूपी बॉर्डर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय पुत्र स्व. चंदू निवासी यमुनानगर (हरियाणा), जोगिंदर उर्फ जोगा पुत्र पूरणचंद निवासी यमुनानगर (हरियाणा) तथा नसीम पुत्र स्व. बुंदू मिस्त्री निवासी बंदरजूड़, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने फैक्ट्री की कई दिनों तक रेकी की थी और मौके की तलाश में था। सही अवसर मिलते ही उन्होंने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चोरी, लूट और डकैती जैसी कई वारदातों में शामिल रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी जोगिंदर उर्फ जोगा के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और विद्युत अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।


