हरिद्वार। कनखल स्थित श्री सूरत गिरि बंगला गिरिशानंद आश्रम में 17 जून से आयोजित पांच दिवसीय योग शिविर का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर किया जाएगा। शिविर का आयोजन आश्रम के परमाध्यक्ष अद्वैत पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर आचार्य स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज की प्रेरणा एवं अनुकम्पा से किया जा रहा है। सामूहिक योग 6 से 7.30 तक किया जाएगा।

योग शिविर में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के योग विभाग के आचार्य प्रो. राजीव शर्मा प्रतिभागियों को योग एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। शिविर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में साधु-संतों, श्रद्धालुओं और योग साधकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
योग दिवस के अवसर पर आयोजित समापन कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसायटी, अवधूत मण्डल आश्रम ज्वालापुर तथा नारायणम् हॉस्पिटल सेंटर कनखल के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सभी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।
आश्रम के कोठारी स्वामी उमानंद गिरि महाराज ने बताया कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न योग गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।


