अपहरण के आरोपित को पुलिस ने लुधियाना से दबोचा, नाबालिग सकुशल बरामद

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत रानीपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपित को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है।


जानकारी के अनुसार, 20 मई को लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल रानीपुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली रानीपुर में अपनी 16 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना दी थी। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया।


प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सुरागरसी करते हुए पता लगाया कि अंकुश पुत्र रमेश निवासी लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल रानीपुर, बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ लुधियाना, पंजाब ले गया है।


इसके बाद पुलिस टीम ने 28 मई को लुधियाना पहुंचकर आरोपित अंकुश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में लुधियाना के पंजाब माता मंदिर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने वहां से नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 19 मई को बालिका को अपने साथ पंजाब ले गया था, जहां उसने उससे विवाह कर लिया और दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 87, 64(उ) बीएनएस तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5(ठ)/6 की बढ़ोत्तरी की है।


पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कराने के साथ मेडिकल परीक्षण भी कराया है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *