हरिद्वार में जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान से करोड़ों के ट्रांजेक्शन मामले में युवती गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को कथित तौर पर पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।


जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में कुछ दिन पहले पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन करने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पूछताछ के दौरान आरोपी युवक ने हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के आसफनगर गांव निवासी एक युवती का नाम बताया।


इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम पिरान कलियर पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आसफनगर गांव में छापेमारी की। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई।


सूत्रों के मुताबिक, युवती का बैंक खाता कथित तौर पर “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच में उसके खाते से बड़ी मात्रा में लेनदेन होने की बात सामने आई है। हालांकि छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई। पूछताछ पूरी होने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और युवती को अपने साथ जम्मू-कश्मीर लेकर रवाना हो गई।


इस मामले में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज मुकदमे से संबंधित है। स्थानीय पुलिस ने जांच में सहयोग किया है तथा युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि युवती के खाते का इस्तेमाल बड़े स्तर पर ट्रांजेक्शन के लिए किया गया है और मामले की विस्तृत जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा की जा रही है।


अचानक हुई इस कार्रवाई से युवती के परिजन और ग्रामीण भी हैरान हैं। क्षेत्र में पाकिस्तान के जरिए कथित करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन की चर्चा जोरों पर है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और लेनदेन की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *