NEET का पेपर लीक : कर्मों के न्याय से नहीं बचेंगे

आज का यह एक बड़ा ही महत्वपूर्ण विषय है। कहते हैं कि नीट (NEET) का पेपर लीक हो गया, इसलिए ‘नीट’ की परीक्षा को रद्द कर दिया गया। पूरे देश में चारों तरफ हड़कंप मचा है, क्योंकि आज 22 लाख बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है। 22 लाख बच्चे यानी 22 लाख परिवार! नीट का पेपर, जिसकी तैयारी दिन-रात उन बच्चों ने एक करके की थी, लाखों रुपये माँ-बाप के खर्च हुए। आज ऐसी बेइंसाफी हुई है, इसका इंसाफ होना बहुत जरुरी है।

आज का इंसान बहुत गिर चुका है। भारत जिसको विश्व गुरु कहा गया, उस धर्म के देश में ऐसे बद्कर्म करने वाले लोग हैं। उन्होंने 22 लाख बच्चों की दिन-रात की मेहनत पर पानी फेर दिया। जिनको हम अगर अध्यात्म की भाषा में कहें तो ये लालची हैं। सब धर्मों ने उसे लालची कहा है जो अपने लिए और अपने परिवार के लिए हजारों, लाखों जिन्दगियों से खेल जाए। उसको यक्ष कहा है गीता में। हर एक को दौलत की पड़ी हुई है कि और-और मिल जाए।

कहा जा रहा है कि तीस लाख , पचास लाख रुपये में पेपर बिका। कौन हैं ये लोग भाई? बचेगा तो कोई भी नहीं। हो सकता है कि यहाँ के कानून से बच जाए, यहाँ तो बच ही जाता है क्योंकि तभी तो ये 2021 में भी लीक हुआ, 2024 में भी लीक हुआ, 2026 में फिर हो गया। आज 22 लाख लोगों पर क्या असर हुआ होगा, कभी किसी ने ये सोचा है? क्या कोई सोचेगा? वो जो कुर्सी पर बैठा है, जिसने इसकी जिम्मेदारी ली थी, क्या वह सोचेगा? नहीं सोचेगा, सोचा होता तो ये होता ही नहीं।

अगर 2021 के उन अपराधियों को बीच बाजार में, हर टीवी चैनल पर अगर उनकी फोटोओं को बार-बार दिखाया होता, फिर चाहे वो कोई भी हो, उन्हें चौराहों पर बेनकाब किया गया होता। उनमें से किसी एक को, अगर गलत था, तो दे देते कैद की सजा, क्या फर्क पड़ जाता? इन 22 लाख में से कितने बच्चे आज आत्महत्या के बारे में सोच रहे होंगे। हर साल, कई हजार बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं, तो कौन इसका जिम्मेदार है?


कहते हैं कि शरीर के बाद जब कोई इंसान यक्ष का रोल निभाता है यानी जो अपने फायदे के लिए हजारों लाखों की छाती पर पैर रख देता है और सिर्फ वही नहीं जिसने किया, पर जो उसका सहयोग देता है यानी जिन्होंने उनको सजाएँ नहीं दिलवाई, वो भी इस सजा में बराबर के भागीदार हैं। बख्शा किसी को भी नहीं जाना चाहिये! ऐसा नहीं है कि किसी को पता ही नहीं लगा, कि बस सीबीआई से जाँच करवा रहे हैं और फलाना, ठिकाना बातें बना रहे हैं। आजतक 2021 के दोषी लोग कहाँ हैं भाई? 2024 के कहाँ हैं? हर एक को भोगना पड़ेगा जो भी इसका जिम्मेदार है।


गुरु नानक देव ने कहा ‘लख चौरासी’, बुद्ध कह रहे हैं चौरासी, महावीर कह रहे हैं चौरासी लाख और उपनिषद भी चौरासी लाख योनियों की बात कह रहे हैं। अगर तुम्हें अंदर लग रहा है कि तुम बच गए इस देश के कानून से पर तुम बचोगे नहीं जिस दिन शरीर से बाहर निकलोगे। इसलिए जागना पड़ेगा! जागो, 22 लाख बच्चों की हाय सिर्फ उनको नहीं जिन्होंने पेपर लीक करवाया, बल्कि सिस्टम के उन सभी लोगों को लगेगी जो आज उनकी सहायता कर रहे हैं, और जिन्होंने 2021 से अब तक उनको सजा नहीं दिलवाई। अरे, दुष्कर्म करने वालों को मारने तो माँ काली भी आई थी। दुष्कर्मी को तो सामने लाना ही पड़ेगा और सजा मिलनी ही चाहिए! हर एक नागरिक को उठना होगा। जागो! जागो, कहीं देर ना हो जाए।


सबको जागना होगा और आज उन बच्चों को भी मैं कहूँगा कि बच्चों, हिम्मत रखना। अपने शरीर को कोई नुकसान मत पहुँचाना, क्योंकि शरीर बड़ा कीमती है प्यारों। बिल्कुल मजबूत रहना, यह अमूल्य शरीर है। हो जाएगा पेपर फिर से। जिन्होंने यह घटिया काम किया है वो भोगेंगे और तुम्हारे लिए फिर ईश्वर अच्छा करेगा। तो उम्मीद करता हूँ बच्चों से कि वे एक सिपाही की तरह हिम्मत दिखाएँगे और दोबारा परीक्षा देंगे। सब ठीक होगा।


MAAsterG का अनमोल एवं आलौकिक ज्ञान उनके यूट्यूब चैनल ‘MAAsterG’ पर निशुल्क उपलब्ध है। MAAsterG गारंटी देते हैं कि ३-३० लेक्चर सुनने से ही आपको अपने जीवन में परिवर्तन दिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *