हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र स्थित शिवालिक राइस मिल परिसर में संचालित सिल्वेस्टर वायर एंड केमिकल कंपनी में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलती देख आसपास के लोगों ने तत्काल फायर स्टेशन बहादराबाद को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन बहादराबाद की दमकल टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर आग विकराल रूप ले चुकी थी और कंपनी परिसर से ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन सिडकुल से भी अतिरिक्त फायर यूनिट मौके पर बुलाई गई।
अग्निशमन अधिकारी मायापुर के निर्देशन में दोनों फायर यूनिटों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार मशक्कत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पाया।
फायर विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग एवं संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से कंपनी परिसर में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए थे। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।


