हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पथरी पुलिस ने अपनी ही नाबालिग बेटियों के साथ हैवानियत करने वाले आरोपी पिता को मुकदमा दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार धनपुरा निवासी एक महिला ने थाना पथरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका पति शहजाद लंबे समय से अपनी 15 वर्षीय बड़ी बेटी का शारीरिक शोषण कर रहा था। इतना ही नहीं आरोपी ने 14 वर्षीय छोटी बेटी के साथ भी छेड़छाड़ कर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने पति पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी शहजाद पुत्र नजाकत निवासी धनपुरा को घिस्सुपुरा से पथरी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है।
थाना अध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार न बताया कि नाबालिग बच्चियों के साथ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस टीम को तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया है आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, कांस्टेबल अजीत तोमर और कांस्टेबल अनिल पंवार शामिल रहे।


