एसबीआई कर्मचारी यूनियन ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का किया ऐलान

हरिद्वार। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए 25 और 26 मई को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की है।


अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ द्वारा शुक्रवार, 15 मई 2026 को एसबीआइ के क्षेत्रीय कार्यालय-5, भेल सेक्टर-1, के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विभिन्न शाखाओं से पहुंचे कर्मचारियों ने अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व क्षेत्रीय सचिव जितेन्द्र कुमार एवं संगठन सचिव रीना काटियार ने किया।


संघ की प्रमुख मांगों में संदेश वाहकों एवं बैंक गार्डों की नियुक्ति, एनपीएस कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर चुनने का विकल्प, पेंशन विसंगतियों का समाधान, आउटसोर्सिंग पर रोक, वर्ष 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए इंटर-सर्किल ट्रांसफर पुनः शुरू करना, कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा, क्रॉस सेलिंग में गलत तरीके से उत्पाद बेचने (मिस-सेलिंग) पर रोक तथा बोर्ड में कर्मचारी निदेशक की नियुक्ति शामिल हैं।


संघ पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा। आगामी दिनों में सोशल मीडिया अभियान और कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद 25 और 26 मई को पूर्ण हड़ताल की जाएगी।
प्रदर्शन में अभिषेक वालिया, मीनू सैनी, प्रतिमा कुमारी, नीता सिंह, नीता गौतम व कविन्द्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *