पीर के मेले में चादर चढ़ाने गए परिवार पर धारदार हथियारों से हमला, पांच घायल

विनोद धीमान
हरिद्वार।
कोतवाली क्षेत्र के कुड़ी नैतवाला गांव में पीर के मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चादर चढ़ाने पहुंचे एक परिवार पर दबंगों ने लाठी-डंडों, चाकू और तमंचों से हमला बोल दिया। हमले में महिला सहित पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक व महिला को चाकू लगने से गंभीर चोट आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित सय्याद पुत्र यासीन निवासी कुड़ी नैतवाला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे गांव में पीर का मेला चल रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते अपने साथ बाहरी युवकों को बुलाकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर हथियारों से लैस होकर पहुंचे और आते ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।


पीड़ित के अनुसार हमले में उसके बड़े भाई गुलाम साबिर व सलमान की पत्नी शहजादी को चाकू मारकर घायल कर दिया गया, जबकि परिवार की एक और महिला समेत अन्य लोगों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। शोर-शराबा होने पर मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।


तहरीर में मनव्वर, नाजिम, फरमान, सोनू, सावेज, चंदू, मेहरबान, अरुण, छोटू, सूफियान, अनवर और फारूक समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
वहीं, लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *