हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र अंतर्गत चंडी देवी मंदिर रोपवे के पास पैदल मार्ग से लगे जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मई को चौकी चंडीघाट, कोतवाली श्यामपुर पुलिस को वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा सूचना दी गई कि चंडी देवी मंदिर जाने वाले पैदल मार्ग के समीप जंगल में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्यामपुर, उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल प्रभारी चौकी चंडीघाट, महिला उपनिरीक्षक रचना पठानिया तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को लगभग 30 से 35 वर्ष आयु की एक अज्ञात महिला का शव मिला, जो प्रथम दृष्टया करीब 3 से 4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शव की स्थिति खराब होने के कारण मृतका का चेहरा स्पष्ट रूप से पहचान में नहीं आ रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा फील्ड यूनिट टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद शव को शिनाख्त, पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई हेतु राजकीय जिला चिकित्सालय हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतका का हुलिया
पुलिस के अनुसार मृतका की लंबाई लगभग 5 फुट, रंग गेहूंआ है। मृतका के शरीर पर कई टैटू बने हुए हैं, जिनके आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में “KAUSHILYA” तथा गमलेनुमा फूल का टैटू बना हुआ है।
बांये हाथ की कलाई पर दिल के आकार का टैटू बना है, जिसके अंदर अंग्रेजी में “K.R” लिखा हुआ है।
बांये हाथ की हथेली के ऊपर “ॐ” का टैटू गुदा हुआ है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी थाना या चौकी में इस महिला से संबंधित कोई गुमशुदगी दर्ज हो अथवा किसी व्यक्ति को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल कोतवाली श्यामपुर, हरिद्वार को सूचित करें।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और महिला की पहचान के प्रयास लगातार जारी हैं।


