पिल्ला गैंग पर कनखल पुलिस का ताबड़तोड़ शिकंजा, तीन मास्टरमाइंड गिरफ्तार

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने पिल्ला गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। कोतवाली कनखल पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में गैंग को नशा, पैसा और हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपितों को दबोचा गया है।


पुलिस के अनुसार आरोपी उधम और कुशलपाल गैंग को सपोर्ट देकर विभिन्न वारदातों को अंजाम दिलवाते थे। भूपतवाला, कोतवाली नगर, ज्वालापुर, कनखल, पथरी और लक्सर तक इनका नेटवर्क फैला हुआ था, जिसे पुलिस लगातार ध्वस्त करने में जुटी है।


अब तक इस गैंग से जुड़े 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है। कनखल पुलिस इन आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी करेगी।


पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


कनखल क्षेत्र में लगातार मिल रही मारपीट और आपराधिक घटनाओं की शिकायतों के बाद पुलिस ने सादे कपड़ों में टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया।
4 मई को प्रणव शर्मा निवासी कनखल ने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में थाना कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। रॉयल हट, जगजीतपुर में आरोपियों ने प्रणव पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।


सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 10 मई को पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते कुशलपाल पुत्र अनिल कुमार सैनी, निवासी बजरीवाला बैरागी कैंप, थाना कनखल, आकाश कुमार पुत्र बिरेन्द्र कुमार, निवासी तुकमापुर, थाना नगीना, जिला बिजनौर (उ.प्र.) व हिमांशु उर्फ जौनी पुत्र पतराम सैनी, निवासी राजा का राजपूत, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.) बताए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए तीनों का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *