ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 62 नशेड़ी दबोचे

हरिद्वार। जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत सिडकुल पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 लोगों को गिरफ्तार कर चालानी कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर सार्वजनिक स्थलों, होटल-ढाबों और सड़क किनारे शराब पीकर उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कोतवाली सिडकुल पुलिस ने थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया।


पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय कुछ लोग सड़क किनारे और ढाबों पर बैठकर शराब पीते हैं तथा वहां से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसते हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिडकुल पुलिस ने अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग मचाने वाले कुल 62 लोगों को पकड़ लिया।


सभी आरोपियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना, दूसरों को शराब पिलाना और माहौल खराब करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


थानाध्यक्ष अजय शाह ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *