पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को जहर देकर नहर में फेंका, दोनों गिरफ्तार

उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की जहर देकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतक का शव अभी तक बरामद नहीं हो पाया है।

25 अप्रैल से लापता था युवक
मामले का खुलासा तब हुआ जब उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र निवासी चंद्रवती ने 1 मई को काशीपुर की आईटीआई कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा कुलवंत सिंह 25 अप्रैल को अपनी पत्नी से मिलने काशीपुर के वांसखेड़ा गांव गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर पत्नी ने भ्रामक जानकारी देकर मामले को टालने की कोशिश की, जिससे संदेह और गहरा गया।


विवाद के बाद हुआ गायब, बढ़ा शक
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद से कुलवंत का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सर्विलांस की मदद ली।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या (निवासी मसवासी, रामपुर) के साथ प्रेम संबंध था। घटना के समय दोनों की लोकेशन एक ही जगह पर पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने अपना अपराध कबूल कर लिया।

शराब में जहर मिलाकर दी मौत
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और अक्सर उसे प्रताड़ित करता था। इससे परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 25 अप्रैल को प्रेमी से जहर और शराब मंगवाई गई और फिर शराब में जहर मिलाकर कुलवंत को पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव को नहर में फेंका
हत्या के बाद महिला ने अपने प्रेमी को बुलाया। दोनों ने मिलकर शव को एक अल्टो कार में रखा और एनएच-74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम की बड़ी नहर में फेंक दिया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

पुलिस की तत्परता से खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसओजी टीम ने तेजी से कार्रवाई की। सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

शव की तलाश जारी
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अभी तक मृतक का शव बरामद नहीं हो पाया है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। शव की तलाश जारी है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और शव बरामद होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया को गति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *