कमरे में बंद कर युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, बचाने पहुंचे समधी व बेटों पर हमला

विनोद धीमान
हरिद्वार।
पथरी क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों द्वारा एक युवक को कमरे में बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक को बचाने पहुंचे समधी और उसके बेटों पर भी धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस को दी गई तहरीर में खान मोहम्मद पुत्र महबूब अली निवासी ग्राम इब्राहिमपुर ने बताया कि उसका समधी रियासत रगन पुत्र लियाकत खान भी उसी गांव में रहता है। 7 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4.30 बजे वह अपने छोटे बेटे इकरार के साथ बहू शबनम को लेकर रियासत के घर मिलने गया था।


आरोप है कि जब वे वहां पहुंचे तो शौकत, रुसतम, अमजद, फिरोज, वसीम, तजम्मुल, तनवीर, ताजीम और मुन्तजीर पुत्रगण रिफाकत निवासी इब्राहिमपुर रियासत के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोपियों ने रियासत को कमरे में बंद कर आग लगा दी थी। खान मोहम्मद ने किसी तरह रियासत को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई, लेकिन इस दौरान आरोपियों ने उस पर भी धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।


घटना की सूचना मिलने पर खान मोहम्मद के बेटे अशरफ और अफजल भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में परिवार के कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पीडि़त पक्ष का कहना है कि घटना का वीडियो भी मौजूद है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *