घरेलू गैस सिलेंडरों में घटतौली पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, दो वाहन चालकों पर मुकदमा दर्ज


हरिद्वार। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उनके अवैध उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग लगातार छापेमारी कर कार्रवाई कर रहा है।


जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश 2026 के अनुपालन में क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिला पूर्ति विभाग की टीम ने क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान मैसर्स सत्य इंडेन गैस सर्विस, रोशनाबाद के दो आपूर्ति वाहनों को नवोदय नगर चौक पर गैस वितरण करते हुए पकड़ा।


निरीक्षण टीम ने दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ की। चालकों ने बताया कि वाहन संख्या UK-08-CB-0180 और UK-08-CB-7564 में कुल 68 घरेलू गैस सिलेंडर मौजूद हैं। टीम द्वारा सभी सिलेंडरों को उतारकर उनका वजन कराया गया, जिसमें 18 सिलेंडरों का वजन निर्धारित मानक से कम पाया गया।


इसके बाद कम गैस पाए गए सभी 18 सिलेंडरों को जब्त कर श्री बालाजी भारत गैस सर्विस, शिवालिक नगर की सुपुर्दगी में दे दिया गया। साथ ही वाहन चालक विकास कुमार पुत्र इसम सिंह और नवीन कुमार पुत्र नक्कल सिंह निवासी जगजीतपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एजेंसी संचालक को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया की जा रही है।


इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी देव चंद, पूर्ति निरीक्षक प्रकाश और पूर्ति निरीक्षक अरुण सैनी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, व्यावसायिक उपयोग और घटतौली के मामलों में दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *