पथरी जंगल में खैर के 3 पेड़ काटे, वन तस्करी का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

विनोद धीमान

हरिद्वार। पथरी वन क्षेत्र में अज्ञात वन तस्करों द्वारा खैर के तीन कीमती पेड़ों की कटाई का गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तस्करों की तलाश जारी है।


जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी कि पथरी वन क्षेत्र के पूर्वी बीट में तस्करों ने खैर के पेड़ों को काट लिया है। कटे हुए पेड़ों की गोलाई लगभग 4 से 5 फीट बताई जा रही है, जिससे स्पष्ट है कि ये पेड़ कई वर्षों पुराने और अत्यंत मूल्यवान थे। खैर की लकड़ी बाजार में लाखों रुपये में बिकती है, ऐसे में इस घटना से सरकार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ पर्यावरण को भी भारी क्षति पहुंची है।


सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। पथरी के सेक्शन ऑफिसर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौके से बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई।


इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को वन क्षेत्र अधिकारी शीशपाल के नेतृत्व में टीम ने भगवानपुर क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान भूरा निवासी हलजोरा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। उसके पास से लकड़ी काटने का अरा भी बरामद किया गया है।


वन क्षेत्र अधिकारी शीशपाल ने बताया कि यह घटना 14 मार्च की है, जिसमें तीन अज्ञात तस्करों ने खैर के पेड़ों को काटा था। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है,उनको भी जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *