हरिद्वार। जनपद के कनखल थाना क्षेत्र में गौकशी के शक में एक युवक के साथ मारपीट करने और उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित बैरागी कैंप निवासी सद्दाम ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 19 मार्च की रात करीब आठ बजे वह टाटा 407 वाहन से दो गाय और एक बछड़ा लेकर दिनारपुर की ओर जा रहा था। आरोप है कि काली मंदिर बैरागी कैंप के पास कुछ युवकों ने उसका वाहन रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार, एक युवक ने अपना नाम पवन बताते हुए खुद को गौ सेवक बताया और उस पर गौकशी के लिए पशु ले जाने का आरोप लगाया। इसके बाद पांच युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे दोबारा गाय ले जाते हुए दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी पवन समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यदि किसी को कोई संदेह या शिकायत है तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए। हिंसा करने या उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


