हरिद्वार। भगवानपुर क्षेत्र के रायपुर गांव में बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर प्राधिकरण की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर में चुन्नीलाल द्वारा श्यामकुंज ग्रुप हाउसिंग के नाम से लगभग 30 बीघा भूमि पर अनाधिकृत रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण व प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान स्थल पर मौजूद अनाधिकृत निर्माणकर्ता को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन कर निर्माण किया गया तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी भूमि या प्लॉट की खरीद-फरोख्त करने से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।


