डेढ़ साल के मासूम का हत्यारा इनामी कलयुगी पिता गिरफ्तार

हरिद्वार। जनपद की मंगलौर पुलिस को एक सनसनीखेज हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। डेढ़ साल के मासूम बच्चे की हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपी सौतेले पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 5000 का इनाम घोषित किया गया था।

मंगलौर निवासी एक महिला ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत देते हुए अपने पति फैजान पर अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे की हत्या का आरोप लगाया था। महिला ने बताया कि फैजान बच्चे का सौतेला पिता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कोतवाली मंगलौर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी गई, लेकिन आरोपी बार-बार ठिकाना बदलकर फरार होता रहा। इसके बाद एसएसपी हरिद्वार ने आरोपी पर 5000 का इनाम घोषित किया।

गठित पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत और विभिन्न संभावित स्थानों पर छापेमारी करते हुए आखिरकार आज आरोपी फैजान को जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।

ऐसे की मासूम की हत्या
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के महिला के साथ पहले से प्रेम संबंध थे। महिला के पति की मृत्यु के बाद आरोपी ने उससे शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों के बीच छोटी-मोटी बातों को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। साथ ही महिला के पहले पति से हुए बच्चे की जिम्मेदारी को लेकर भी आरोपी परेशान रहता था।

बताया गया कि 17 फरवरी को बच्चा लगातार रो रहा था। आरोपी ने उसे चुप कराने की कोशिश की, लेकिन जब बच्चा चुप नहीं हुआ तो गुस्से में पहले उसे थप्पड़ मारे और बाद में उसकी छाती पर लात मार दी, जिससे बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बच्चे के शव को बिस्तर पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *