सरकारी डाक्टर के साथ की अभद्रता, मुकदमा दर्ज

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक चिकित्सा अधिकारी के साथ अस्पताल परिसर के अंदर ही मारपीट और अभद्रता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवक इमरजेंसी वार्ड में घुस आए और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।


पीड़ित डॉक्टर, डॉ. अनमोल सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें फोन कर उनकी लोकेशन पूछी। डॉक्टर द्वारा इमरजेंसी वार्ड में होने की जानकारी देने पर वह युवक अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंच गया।


आरोप है कि आते ही युवक ने डॉक्टर के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और आरोपियों ने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ ने बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में किया।
घटना यहीं नहीं रुकी—आरोपियों ने जाते-जाते डॉक्टर और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।


डॉ. अनमोल के मुताबिक, पूरा विवाद एक निजी अस्पताल में मरीजों को रेफर करने के कथित मामले से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहा एक छात्र मरीजों को निजी अस्पताल भेज रहा था, जिसे उन्होंने हटाया था। इसी बात को लेकर यह विवाद खड़ा हुआ। घटना के बाद डॉक्टर दहशत में हैं और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


वहीं, कोतवाली लक्सर के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में पीड़ित डॉक्टर की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *