परीक्षा देकर निकले छात्र पर फायरिंग, पुरानी रंजिश में हमला, बाल-बाल बची जान, देखें वीडियो

विनोद धीमान

हरिद्वार। लक्सर कस्बे में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकले एक छात्र पर घात लगाकर बैठे युवकों ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि छात्र इस हमले में बाल-बाल बच गया, हालांकि हमलावरों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।


जानकारी के अनुसार, बसेड़ी रोड स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्र परीक्षा देकर बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से मौके पर मौजूद करीब आधा दर्जन युवकों ने एक छात्र को निशाना बनाते हुए तमंचे से फायर झोंक दिया। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


फायरिंग के बाद आरोपियों ने छात्र के साथ मारपीट भी की। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसे देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।


घटना की सूचना पर पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही है।


पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि करीब छह महीने पहले सीट पर बैठने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसे उस समय सुलझा लिया गया था, लेकिन उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।


कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *