सुभाष नगर में गुलदार की दस्तक, सीसीटीवी में कैद हुई चहलकदमी, दहशत में स्थानीय लोग

हरिद्वार। तीर्थनगरी के रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामला सुभाष नगर कॉलोनी का है, जहां देर रात एक गुलदार के घुस आने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गुलदार की यह पूरी गतिविधि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।


मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात सुभाष नगर कॉलोनी की गली नंबर बी -11 में जंगल की ओर से एक गुलदार अचानक आबादी वाले क्षेत्र में दाखिल हो गया। उस समय अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गुलदार काफी देर तक गली में बेखौफ होकर घूमता रहा। माना जा रहा है कि वह शिकार की तलाश में या फिर जंगल की ओर लौटने का रास्ता खोज रहा था।

कुत्तों के भौंकने से भागा गुलदार
जैसे ही गली में मौजूद कुत्तों ने गुलदार को देखा, उन्होंने जोर-जोर से भौंकना शुरू कर दिया। कुत्तों के शोर से गुलदार घबरा गया और कुछ देर बाद वापस जंगल की ओर लौट गया। सुबह जब स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भय का माहौल बन गया।

जंगल और कॉलोनी की नजदीकी वजह
स्थानीय निवासियों के अनुसार सुभाष नगर कॉलोनी एक ओर से बीएचईएल परिसर से और दूसरी ओर स राजजी पार्क के जंगलों से सटी हुई है। जंगल और आबादी के बीच पर्याप्त घेराबंदी न होने के कारण अक्सर गुलदार, हाथी और अन्य वन्यजीव रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में कई बार वन्यजीवों की मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है।

लोगों में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित नजर आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से जल्द कदम उठाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों की मांगें
क्षेत्र में वन विभाग की गश्त तुरंत बढ़ाई जाए।
गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए।
जंगल से सटे संवेदनशील रास्तों पर मजबूत बाड़ या दीवार बनाई जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वन विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *