घर में चल रहा देह व्यापार का पर्दाफाश, सरगना महिला गिरफ्तार, तीन लड़कियों को किया गया रेस्क्यू

देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। कैंट थाना क्षेत्र के बिंदाल इलाके में एक घर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन पीडि़त महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रानी देवी (परिवर्तित नाम) अपने घर में ही देह व्यापार का धंधा संचालित कर रही थी। वह व्हाट्सएप के माध्यम से लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजती थी और फोन पर ही रेट व मिलने का स्थान तय करती थी। इसके बाद अपने साथियों के जरिए लड़कियों को ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिंदाल क्षेत्र के गांधी नगर स्थित रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में सोमवार रात छापा मारा। छापेमारी के दौरान घर के अंदर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। पुलिस ने मौके से रानी देवी, आशीष कुमार पाण्डे और फूलों खान को गिरफ्तार किया। वहीं, तीन महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।


सीओ मसूरी जगदीश पंत ने बताया कि आरोपी रानी देवी बाहरी राज्यों से महिलाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर देहरादून बुलाती थी और उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार करवाती थी। इस पूरे नेटवर्क में आरोपी आशीष कुमार पाण्डे लड़कियों को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले मोटा कमीशन लेता था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *