सम्मोहित कर ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार, 50 हजार रुपये और कुंडल ठगे थे

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ज्वालापुर क्षेत्र में महिला को सम्मोहित कर ठगी करने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी किए गए सामान का कुछ हिस्सा भी बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को राजीव नगर कॉलोनी गोविंदपुरी, कोतवाली ज्वालापुर निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि तीन अज्ञात युवकों ने उसे सम्मोहित कर 50,000 नकद और कान के कुंडल उतरवा लिए। इस शिकायत के आधार पर थाना ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ज्वालापुर पुलिस को निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के निर्देशन में चौकी रेल प्रभारी उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।


पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, डिजिटल साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद आरोपित जमशेद पुत्र गफ्फार निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद को लालपुर ज्वालापुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस ने आरोपितके कब्जे से दो टॉप्स और 9500 नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपित लोगों को पैसे और सोना डबल करने का झांसा देकर उन्हें सम्मोहित कर ठगी करता था। वह दोबारा ठगी की वारदात को अंजाम देने के लिए गाजियाबाद से हरिद्वार आया था, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा।


हरिद्वार पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं और ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


आरोपित का नाम पता जमशेद पुत्र गफ्फार, निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद (उ.प्र.) मूल निवासी ग्राम पिपलेड़ा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ (उ.प्र.) बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *