महामण्डलेश्वर मंदाकिनी पुरी का पलटवार, हत्या की जतायी आशंका, अखाड़े पर भी लगाए गंभीर आरोप

उज्जैन में चारधाम मंदिर के महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश रचने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले में आरोपी बनाई गई पूर्व महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनी ने वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज पर आरोप लगाए हैं। वहीं वाराणसी से लाई गई महिला ने भी अपनी हत्या की आशंका जताते हुए मंदाकिनी सहित पूरे गिरोह पर साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। महाकाल थाना पुलिस ने महामंडलेश्वर को रेप के झूठे मामले में फंसाकर ब्लैकमेल करने की साजिश के आरोप में साध्वी मंदाकिनी और घनश्याम पटेल के खिलाफ केस दर्ज किया है। घनश्याम पटेल की अग्रिम जमानत निरस्त हो चुकी है, जबकि पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

उधर साध्वी मंदाकिनी ने वीडियो जारी कर कहा कि वह उत्तराखंड यात्रा पर हैं। पुलिस जांच में सहयोग करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी की जिस महिला ने उनके खिलाफ बयान दिया है, उसे हायर कर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उज्जैन पहुंचकर पूरे मामले का खुलासा करेंगी। मंदाकिनी ने वीडियो में कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा है। रास्ते में उनकी हत्या कराई जा सकती है। उनका कहना है कि कुछ लोगों को डर है कि मेरे पास कई राज हैं, जिनका खुलासा होने पर कई लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
मंदाकिनी ने आरोप लगाए कि 13 अखाड़ों के अध्यक्ष जिस अखाड़े से आते हैं, वहां पर कई लोग गृहस्थ महामंडलेश्वर बने हुए हैं। मंदाकिनी ने आरोप लगाया कि आप दुर्योधन हो, मेरा चीर हरण करवा रहे हो। आप औरत की इज्जत उछाल कर बलात्कार करते हो।

मामले में सामने आई वाराणसी निवासी महिला ने दावा किया कि उसे 50 हजार रुपए का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया गया था। महिला का कहना है कि उसे सिखाया गया था कि वह महामंडलेश्वर पर आरोप लगाए। महिला ने यह भी कहा कि उसने आज तक शांति स्वरूपानंद महाराज को सामने से नहीं देखा और पूरी साजिश के बाद उसकी हत्या करने की योजना थी।

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि रंग पंचमी के दिन दत्त अखाड़ा परिसर में एक महिला को पकड़कर पूछताछ की गई थी। पूछताछ और वीडियो फुटेज के आधार पर पता चला कि घनश्याम पटेल, साध्वी मंदाकिनी और अन्य लोग मिलकर महामंडलेश्वर को झूठे केस में फंसाने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उनकी तलाश जारी है।

वीडियो में मंदाकिनी पुरी ने कहाकि उज्जैन के संतों के साथ पहले भी मेरी झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मैंने कभी भी पट्टाभिषेक के नाम पर पैसे नहीं लिए, जो भी पैसा मुझे मिला, वह मैंने अखाड़े को दे दिया। मैं उत्तराखंड से उज्जैन जरूर पहुंचूंगी और अब यहां से प्रस्थान कर रही हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *