लक्सर फ्लाईओवर बना खतरे का सबब: सड़क टूटी, सरिया बाहर, हादसे का इंतजार

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर नगर के बीचों-बीच बना फ्लाईओवर इन दिनों लोगों के लिए खतरे का कारण बनता जा रहा है। फ्लाईओवर की सड़क कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। हालत यह है कि सड़क के भीतर लगा लोहे का सरिया तक बाहर निकल आया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


फ्लाईओवर से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। टूटी सड़क और गड्ढों के कारण दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के लिए यह फ्लाईओवर अब मौत का जाल बनता जा रहा है। खासकर रात के समय गहरे गड्ढे और बाहर निकला सरिया वाहन चालकों के लिए और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है।
हैरानी की बात यह है कि तहसील प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी रोज इसी फ्लाईओवर से होकर गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद इसकी मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से फ्लाईओवर की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


एनएच के अधिशासी अधिकारी सुरेश तोमर ने बताया कि अभी तक गन्ने से लदी ट्रॉलियों का आवागमन अधिक होने के कारण मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया था। अब गन्ने की आवाजाही कम हो गई है और सड़क का एग्रीमेंट भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इसी माह फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *