हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 दोपहिया वाहन बरामद

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।


जानकारी के अनुसार, 5 मार्च को शुभम कुमार पुत्र जहारू सिंह निवासी इमलीखेड़ा थाना पिरान कलियर ने कोतवाली ज्वालापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल यूके 17 एल 8320 4 मार्च को महाराजा फर्नीचर, ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों से पूछताछ की और लगातार चेकिंग अभियान चलाया।


ज्वालापुर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए एसससपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि 9 मार्च को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने नहर पटरी रेगुलेटर पुल के पास से दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने ज्वालापुर के ऊंचा पुल स्थित महाराजा फर्नीचर के पास से बाइक चोरी करने की बात कबूल की।


बताया कि पुलिस ने जब आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर कार्रवाई की, तो पुरानी कांवड़ पटरी के पास स्थित एक खंडहर से चोरी की 08 मोटरसाइकिलें और 02 स्कूटी बरामद की गईं। आरोपियों ने बताया कि ये वाहन उन्होंने हरिद्वार और देहरादून के अलग-अलग स्थानों से चोरी किए थे और पकड़े जाने से बचने के लिए नहर किनारे खंडहर में छिपाकर रखते थे।


बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसिन पुत्र जान आलम और गुल्सान पुत्र बलीन निवासी ग्राम गाडोवाली, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि मोसिन राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि गुलसान ई-रिक्शा मेकेनिक है। दोनों कम पढ़े-लिखे हैं, लेकिन वाहन चोरी करने में काफी माहिर हैं।


एसएसपी के अनुसार बरामद वाहनों में कई वाहन देहरादून के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से भी जुड़े पाए गए हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी डीसीआरबी और अन्य माध्यमों से जुटाई जा रही है।


पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी जैसी वारदातों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपितों के खिलाफ विभिन्न थानों में छह मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *