हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को लेकर संत समाज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संतों का कहना है कि अगले वर्ष होने वाला कुंभ मेला भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सरकार द्वारा लगातार ढांचागत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी तथा अखाड़ा परिषद के महामंत्री और श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्रदास के नेतृत्व में संत समाज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली में भाग लिया। इस दौरान संतों ने उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी और गृह मंत्री अमित शाह को आशीर्वाद भी दिया।
रैली के बाद बैरागी कैंप स्थित श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़े में संतों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कुंभ मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए सरकार द्वारा तेजी से आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। इन सुविधाओं का लाभ अखाड़ों, संतों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा।
वहीं श्रीमहंत राजेंद्रदास ने कहा कि धर्म सत्ता के बिना राज सत्ता अधूरी है। उन्होंने कहा कि संतों के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने चार वर्षों में कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप में आयोजित कराने का आश्वासन दिया है, जिससे संत समाज में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर महंत जसविंदर सिंह, बाबा हठयोगी और महंत रघुवीर दास ने कहा कि धामी सरकार के चार वर्ष उपलब्धियों से भरे रहे हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य सरकार जिस तरह कुंभ मेले की तैयारियों को गति दे रही है, वह सराहनीय है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बधाई के पात्र हैं।
बैठक में महंत माधव दास, महंत गोविंददास, महंत सूर्यांश मुनि, महंत लंकापति दास, महंत अमित दास और संत बलवीर सिंह सहित कई संत-महंत मौजूद रहे।


