लक्सर नपा में भाजपा सभासदों का हंगामा, अधिशासी अधिकारी पर ठेकेदारों से मिलीभगत के लगाए आरोप, देखें वीडियो

जरूरी विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप, पांच दिन से कार्यालय न आने पर भी उठे सवाल

विनोद धीमान

हरिद्वार। नगर पालिका लक्सर में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सभासदों ने जोरदार हंगामा किया। सभासदों ने अधिशासी अधिकारी मोहम्मद कामिल पर ठेकेदारों के साथ मिलीभगत कर भ्रष्टाचार करने के गंभीर आरोप लगाए। नाराज़ सभासदों ने नगर की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।


शनिवार को नगर पालिका कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब भाजपा सभासदों ने अधिशासी अधिकारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है और ठेकेदारों के साथ सांठगांठ कर ऐसे कार्यों के टेंडर जारी किए जा रहे हैं, जिनकी नगर में आवश्यकता ही नहीं है।


सभासदों का कहना है कि नगर के कई क्षेत्रों में सड़कों, नालों और नालियों की सख्त जरूरत है। इस संबंध में उन्होंने पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को लिखित रूप से भी अवगत कराया था, लेकिन उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि जिन कार्यों की नगर में जरूरत नहीं है, उन्हीं के टेंडर जल्दबाजी में जारी कर दिए गए हैं, जबकि कई कार्य कागजों में ही दिखाए जा रहे हैं और जमीन पर उनका कोई अस्तित्व नहीं है।


सभासदों ने अधिशासी अधिकारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। सभासद अंकुर चौधरी और सभासद प्रतिनिधि विकास खटाना कहना है कि अधिशासी अधिकारी पिछले पांच दिनों से नगर पालिका कार्यालय नहीं आए हैं और शनिवार को भी सुबह 11 बजे तक कार्यालय नहीं पहुंचे।


नाराज़ सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका में हो रहे कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो वे इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाकर कार्रवाई की मांग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *