विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीतपुर में प्रेम प्रसंग का मामला उस वक्त तूल पकड़ गया, जब शादी से इनकार करने पर आहत एक किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश कर ली। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार कर उसकी जान बचा ली। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला कोतवाली तक जा पहुंचा।
जानकारी के अनुसार पीतपुर निवासी किशोरी का देहरादून के जोगीवाला निवासी युवक से करीब डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले दोनों के परिजनों को भी इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वे शादी के लिए सहमत भी हो गए थे। अगले माह रिश्ता तय करने की बात चल रही थी।
इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इससे आहत होकर 4 मार्च को किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में लक्सर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
घटना के बाद युवती के परिजनों ने युवक और उसके परिवार से बात की, लेकिन उन्होंने रिश्ता करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर युवक और उसके परिजनों के खिलाफ लिखित शिकायत दे दी।
पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी मुलाकात किशोरी से एक शादी समारोह में हुई थी। तभी से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। युवक का कहना है कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और युवती बार-बार फोन कर मिलने का दबाव बनाती थी, जिससे वह परेशान था। युवक का यह भी कहना है कि जब उसने जहर खाने जैसी घटना सुनी तो वह डर गया और अपने माता-पिता को सारी बात बताकर शादी से इनकार कर दिया।
वहीं किशोरी के परिजनों का आरोप है कि युवक के परिजन पहले शादी के लिए राजी थे, लेकिन लगातार तारीख टालते रहे। उनका कहना है कि होली से पहले भी रिश्ता तय करने की बात की गई थी, लेकिन टालमटोल से परेशान होकर किशोरी ने यह कदम उठा लिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर समझाने का प्रयास किया है। मामले में दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान का कहना है कि दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है। पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों को समझने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।


