हरिद्वार में कॉटन फैक्ट्री में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

हरिद्वार। थाना बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह स्थित वर्धमान इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सिक्योर सर्जिकल कॉटन प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर से उठते धुएं और तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:40 बजे एक राहगीर ने फैक्ट्री से धुआं उठता देखा और तत्काल फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही बहादराबाद फायर यूनिट बिना देर किए मौके के लिए रवाना हुई। आग की गंभीरता को देखते हुए मायापुर फायर स्टेशन से भी दो अतिरिक्त फायर यूनिट घटनास्थल पर भेजी गईं।


बताया जा रहा है कि आग कॉटन (रुई) से संबंधित फैक्ट्री में लगी थी, जिससे ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन फायर कर्मियों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए मोटर फायर इंजन (MFE) के माध्यम से पंपिंग कर होज़ पाइप की सहायता से आग पर नियंत्रण शुरू किया।


करीब कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि होली पर्व के चलते फैक्ट्री में कर्मचारियों की छुट्टी थी, जिससे इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि आग से फैक्ट्री में रखे कच्चे और तैयार माल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण फैक्ट्री परिसर में लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। नुकसान का आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *