हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार सुबह जनपद में होली पर्व को देखत ेहुए विशेष वैकिंग अभियान चलाया। टीम ने बार्डर पर दूध व पनीर से लदे वाहनों की सघन जांच की। कार्यवाही के दौरान टीम ने पांच खाद्य नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में सुबह करीब 6 बजे भगवानपुर पुलिस चेकपोस्ट, कनखल पर बाहरी राज्यों से आने वाले दुग्ध उत्पादों की जांच की गई। इस दौरान खुले दूध के 3 और पनीर के 2 नमूने भरे गए। अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को परीक्षण हेतु रुद्रपुर स्थित राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग के दौरान तीन खाद्य प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं भी पाई गईं। संचालकों द्वारा फूड लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज और रेट लिस्ट मौके पर प्रस्तुत नहीं की जा सकी। साथ ही तापमान नियंत्रण संबंधी मानकों का पालन न करने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुग्ध उत्पादों के परिवहन में गुणवत्ता और तापमान मानकों का पालन अनिवार्य है। पनीर को बर्फ के साथ सुरक्षित रखने और वाहनों में कंट्रोल यूनिट के माध्यम से तापमान बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।होली एवं रमजान पर्व के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार में विशेष सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।


