उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटकों से हड़कंप मच गया। बागेश्वर जिले और आसपास के इलाकों में सुबह धरती डोलने से लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NSC) के अनुसार, भूकंप शुक्रवार सुबह 07:48:37 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। सुबह के समय आए झटकों से लोग घबराकर अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।


