विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर रोडवेज बस अड्डे के समीप स्थापित राजा भागीरथ की प्रतिमा की स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने पर सैनी समाज के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की और एक-दूसरे को केक खिलाकर खुशी साझा की।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने राजा भागीरथ के जीवन, तपस्या और उनके जनकल्याणकारी योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा को धरती पर लाने का उनका संकल्प आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने कहा कि राजा भागीरथ त्याग, सेवा और सामाजिक चेतना के प्रतीक हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य समाज में संस्कार, एकता और अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस दौरान प्रतिमा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया और कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। सैनी समाज के लोगों ने भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोग, युवा एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


