महिला की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

ऋषिकेश के शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में घर में अकेली रहने वाली एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच तेज कर दी है। एसपी देहात जया बलूनी ने कहा कि हमलावर जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी सुरेश गुप्ता निवासी लाकर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है

विदित हो कि ऋषिकेश के शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कमरे से गोली चलने की आवाज आई। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक शनिवार देर रात स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनीं। आवाज सुनते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, लोगों ने देखा कि हमलावर मौके से भाग रहे हैं और घर के अंदर एक महिला लहूलुहान फर्श पर पड़ी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को तत्काल सूचना दी। सूचना के आधार पर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।


उन्होंने महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा। घटना के बाद सीओ और एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि 32 वर्षीय महिला घर पर अकेली रहती थी। महिला का 8 साल का बेटा है, जो अपने नाना-नानी के घर रहता है। महिला एम्स में आउटसोर्सिंग कर्मचारी है। फिलहाल वारदात क्यों हुई है, इसका पता नहीं चला है। फॉरेंसिक की टीम ने भी मौके पर आकर नमूने जांच के लिए एकत्रित किए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी सुरेश गुप्ता निवासी लाकर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतका प्रीति रावत का अपने पति से तलाक हो चुका था। सुरेश गुप्ता लक्सर हरिद्वार का रहने वाला है और ऋषिकेश में उसकी ससुराल थी।


एसपी देहात जया बलूनी का कहना है कि एसओजी की मदद ली जा रही है। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द से जल्द हमलावर को गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक महिला मूल रूप से यमकेश्वर की रहने वाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *