6 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों का ज्ञापन, देहरादून कूच की चेतावनी

लविनोद धीमान
लक्सर। किसानों एवं मजदूरों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) अराजनीतिक ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित छह सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी हरिद्वार के माध्यम से सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो हजारों किसान देहरादून कूच कर मुख्यमंत्री आवास पर आंदोलन करेंगे।


संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं किसान लक्सर के शिव चौक पर एकत्र हुए। यहां जोरदार धरना-प्रदर्शन के बाद किसान जिलाधिकारी कार्यालय के लिए कूच कर गए। इस दौरान सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। किसानों की प्रमुख मांगों में टोल प्लाजा पर कैमरों के माध्यम से किए जा रहे चालानों में राहत, खनन मामलों में अधिकारियों की मनमानी पर कार्रवाई, जबरन स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, दिहाड़ी मजदूरों पर लगाए जा रहे भारी चालानों में कमी, पथरी नदी को नमामि गंगे योजना से जोड़ना, तथा गन्ना किसानों पर 15 किलोमीटर की बाध्यता समाप्त करना शामिल है।


संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास चौधरी ने कहा कि किसान और मजदूर पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में उन पर चालान और जुर्मानों का अतिरिक्त बोझ डालना सरासर अन्याय है।


वहीं प्रदेश अध्यक्ष युनुस अहमद ने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।


जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो हजारों किसान देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *