हरिद्वार। कनखल थाना पुलिस ने दो चैन स्नेचरों को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिलाओं को अकेला देखकर उन्हें निशाना बनाते थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो चैन बरामद की है। आरोपित नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चैन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। पकड़े गए एक आरोपित का लम्बा आपराधिक इतिहास है।
जानकारी के मुताबिक 20 सितम्बर को मधु बिहार कालोनी जमालपुर में दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार दुकान के अंदर सामान लेने के बहाने महिला के गले से चैन छीनकर फरार हो गए थे। वहीं 4 अक्टूबर को मिश्रा गार्डन में भी दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने पता पूछने के बहाने महिला के गले से चैन छीन ली थी। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने दो संदिग्धांे को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिन्हित किया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बैरागी कैम्प क्षेत्र से दोनों आरोपियों को आज धर दबोचा। पूछताछ में दोनों चैन स्नैचिंग की घटनाओं को करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो चैनें बरामद कीं। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम पते शुभम मिश्रा पुत्र निवासी हनुमान नगर बेहद, थाना बेहट, जिला सहारनपुर उ.प्र. व चांद अजमल निवासी हुसैन बस्ती, संजय बिहार कालोनी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर उ.प्र. बताए। आरोपी शुभम मिश्रा पूर्व में भी चैन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहा है। इसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।


