गुरु ही परमात्मा का दूसरा स्वरूप: कृष्णा गिरि

देहरादून। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर श्री जंगम शिवालय मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रीमहंत कृष्णा गिरि महाराज के सानिध्य में रुद्राभिषेक व हवन किया गया। इस अवसर पर श्री महंत कृष्णा गिरि को उनके शिष्यों ने पूजन कर आशीर्वाद लेते हुए लोक कल्याण की कामना की।


श्रद्धालु भक्तों को गुरु महिमा का महत्व बताते हुए श्रीमहंत कृष्णा गिरि महाराज ने कहा कि गुरु ही परमात्मा का दूसरा स्वरूप है, जो भक्तों की आत्मा का परमात्मा से साक्षात्कार करवा कर उनके कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। गुरु की शरण में जो भी शिष्य आ जाता है उसका जीवन भवसागर से पार हो जाता है।


उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे किसी भी क्षेत्र में कार्यरत हो उसे गुरु की आवश्यकता पड़ती ही है। गुरु के बिना जीवन अंधकारमय एवं अधूरा है। कहा कि गुरु अपने शिष्य के उज्जवल भविष्य का निर्माण करते हैं। गुरु केवल ज्ञान का शिक्षक नहीं है, बल्कि एक आध्यात्मिक मार्गदर्शक, अज्ञान को दूर करने वाला और आत्म-साक्षात्कार के सूत्रधार हैं।


इस अवसर पर दिगम्बर रवि गिरि महाराज, दिगम्बर परमानंद पुरी, आचार्य मनोज ढौंडियाल, अभिषेक गुप्ता, रजत ठाकुर, आशुतोष गुप्ता, चिन्मय चौरसिया, पारस आदि भक्तगण मौजूद रहे। इसके पश्चात प्रसाद वितरण कर सभी ने लोक कल्याण की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *