हरिद्वार। चार साल की मासूम को कत्ल कर देने से पहले का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें मासूम को कातिल अपने पीछे ले जा रहा है। मासूम को क्या पता था कि जिसके पीछे वह चल रही है वही उसका काल है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को रोड़ी बेलवाला क्षेत्र से लापता कूड़ा बिनने वाले व्यक्ति की चार साल की मासूम बेटी का शव मनसा देवी रेलवे टनल से बरामद हुआ था। बेटी की खोज में लगे पिता ने ही शव को ढूंढ निकाला था। उनका एक परिचित सूरज उर्फ गंजू उर्फ दडि़यल ही मासूम को अपने साथ ले गया था, उसी ने ही गला घोटकर उसकी हत्या की है।
प्रारंभिक तौर पर मासूम के साथ दरिंदगी होने का अंदेशा जताया जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस टीम कातिल गंजू की तलाश में उत्तर प्रदेश के कासगंज के लिए रवाना हो गई है। आरोपित मूल रूप से कासगंज का रहने वाला बताया जा रहा गंजू पिछले 10 साल से यहां रह रहा था और कबाड़ बिनने का काम करता था। मृतक मासूम के परिजन भी कबाड़ बीनने का कार्य करते हैं।
इसी कारण से गंजू का अधिकांश समय उन्हीं के साथ बीतता था। बताया जा रहा है कि गंजू का घटना वाले दिन मृतका के पिता से विवाद हुआ था। संभवत उसी का बदला लेने के चलते गंजू ने मासूम की हत्या कर दी।
मनसा देवी टनल के पास सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ गंजू मासूम को अपने पीछे ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। रेलवे लाइन पर हंसते खेलते जा रही मासूम गंजू के खौफनाक इरादों से पूरी तरह से अंजान होकर आगे बढ़ रही है।
वीडियो पुलिस को जांच के दौरान मिला है। पुलिस टीमें आरोपित की तलाश में जुटी हैं।


