हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी की पेशवाई बुधवार को निकाली जाएगी। पेशवाई की अगवाई प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत करेंगे। पेशवाई प्रातः 11 बजे एसएमजेन पीजी कालेज से आरम्भ होकर मुख्य मार्गों से होती हुई अखाड़ा छावनी में प्रवेश करेगी।
निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत नरेन्द्र गिरि महाराज ने बताया कि पेशवाई दिव्य व भव्य होगी। बताया कि मुख्यमंत्री की उनसे फोन पर वार्ता हुई है। सीएम पेशवाई में शामिल होंगे। महंत रविन्द्रपुरी महाराज ने बताया कि पेशवाई में प्रदेश की लोक संस्कृति की झलक व अन्य प्रदेशों से आए बैडबाजों की धुन सुनने को मिलेगी। मुंबई के मशहूर बैंड के साथ ही कई बड़े जिलों के नामचीन बैंड निरंजनी अखाड़े की पेशवाई के लिए मंगवाए गए हैं। पेशवाई को भव्य बनाने के साथ ही सकुशल संपन्न कराने के लिए संतों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। अखाड़ा के मेला प्रभारी श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने बताया कि 3 मार्च को निरंजनी अखाड़े की पेशवाई निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुंबई से इस बार विशेष बैंड हरिद्वार कुंभ के लिए मंगवाया गया है। इस बैंड से पेशवाई में अलग ही शोभा बढ़ेगी। मुंबई से ये बैंड उज्जैन और नासिक कुंभ में भी मंगवाया गया था। उन्होंने बताया कि 50 घोड़े और दो ऊंट, एक हाथी पेशवाई में रहेंगे। उन्होंने बताया कि अनुमति न मिलने के कारण रामनगर से हाथियों को नहीं मंगवाया जा सका है। इसके साथ ही अन्य प्रदेशों से आए कलाकार भी पेशवाई की शोभा को बढ़ाएंगे। बताया कि पेशवाई में मण्डलेश्वरों के अलावा बड़ी संख्या में नागा संन्यासी और साधु संत शामिल हांेगे। पेशावाई एसएमजेन पीजी कालेज से आरम्भ होकर शंकर आश्रम, सिंह द्वार, दादूबाग, कनखल, शंकराचार्य आश्रम होते हुए अखाड़े की छावनी में प्रवेश करेगी।

निरंजनी अखाड़े की पेशवाई कल, सीएम करेंगे अगुवाई


