हरिद्वार। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र लक्सर के वार्ड 7 के बाढ़ पीडि़तों को आपदा की राशन सामग्री बांट रहे संग्रह अमीन सुनील के साथ लोगों ने मारपीट कर दी। शोर शराबा सुनकर मौके पर आए लोगों ने संग्रह अमीन को छुड़ाया। मारपीट का यह मामलां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। संग्रह अमीन ने दो कांग्रेसी नेताओं सहित 6 से अधिक लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
संग्रह अमीन सुनील त्यागी ने पुलिस को बताया कि वह लक्सर कस्बे के वार्ड नंबर 7 का बाढ़ आपदा का राशन वितरण कर रहे थे। उनके मुताबिक वह राशन केवल वार्ड सात के ही लोगों को वितरण किया जाना था। इसी बीच दो कांग्रेसी नेताओं सहित लगभग दस लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि यह राशन उनकी कॉलोनी के लोगों को बांटा जाए। संग्रह अमीन सुनील त्यागी ने उनसे कहा कि उप जिलाधिकारी ने यह राशन वार्ड नंबर 7 के लिए दिया है। वार्ड नंबर 7 के मेन बाजार में काफी पानी भरा हुआ था। जब इस वार्ड के लिए राशन जारी होगा तो उन्हें भी बाढ़ आपदा का राशन बांटा जाएगा।
आरोप है कि इस पर उक्त लोग भड़क गए। उन्होंने संग्रह अमीन को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस बीच कई लोग मौके पर आ गए। उन्होंने हमलावरों के कब्जे से संग्रह अमीन को छुड़ाया। इसके बाद संग्रह अमीन ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर अपने स्टाफ को साथ लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई।


