जयमाला होने से पूर्व ही दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गयी। जिससे शादी की खुशियों का माहौल अचानक गमजदा हो गया। मामला उत्तर प्रदेश के रायबरेली का है, जहां गाजे बाजे के साथ आए दुल्हे और बारातियों के साथ अनहोनी हो गई। दुल्हे संग बारात लेकर पहुंचे बारातियों का जोरदार स्वागत किया जा रहा था। हंसी खुशी के माहौल में युवक डांस कर रहे थे। थोड़ी ही देर बाद स्टेज पर वरमाला पहनाए जाने का कार्यक्रम था। लेकिन दुल्हन मौका पाकर अपने प्रेमी संग फरार हो गई। शादी के माहौल में छाई हुई खुशियां मातम में बदल गई। दुल्हन के फरार होने की भनक लगते ही परिवार वालों और रिश्तेदारों ने उसकी खोजबीन शुरु कर दी।
दुल्हन के गायब होने की खबर बारातियों को मिलते ही वहां हडकंप मच गया। अफरा-तफरी के माहौल के बीच बारात बिना दुल्हन को लिए ही वापस लौट गई। इस घटना से दूल्हा इतना आहत हुआ कि उसने सदमे में आकर जहर खा लिया। दूल्हे की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल से लखनऊ के लिए रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के आशानंदपुर निवासी रामनरेश की लड़की की बुधवार को शादी थी। बारात भी आई लेकिन वरमाला डालने से पहले ही दुल्हन अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
बारात डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सेमौरी निवासी कल्लू के बेटे अजय की थी, लेकिन दुल्हन के अचानक गायब हो जाने से बारातियों में हड़कंप मच गया। घराती बाराती में विवाद उत्पन्न हो गया। दुल्हन के परिजनों के द्वारा मामले की जानकारी गदागंज थाने को दी गई तो मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। दुल्हन को काफी ढूंढा गया, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। बरात वापस लाने पर दुल्हे को शर्म महसूस हुई उसने अपनी लाज बचाने के लिए जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। फिलहाल गंभीर हालत में युवक का इलाज चल रहा है।