हरिद्वार। थाना श्यामपुर पुलिस ने महिला की मौत के मामले से पर्दा उठाते हुए महिला को मौत के लिए उकसाने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला का शव भी सड़ी-गली हालत में बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को फोन पर श्यामपुर कांगड़ी स्थित ढ़ाबे के संचालक केदार सिंह द्वारा एक महिला की हत्या कर शव को कांगड़ी के जंगल में छुपा देने की सूचना मिली। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने सत्यता का पता लगाने के लिए आरोपी ढाबा संचालक से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि करीब 08 महीने पहले उसकी एक खानाबदोश महिला उम्र 45 वर्ष से ढाबे पर मुलाकात हुई थी। महिला का कोई परिजन न होने के चलते महिला ढाबा संचालक के साथ लीव-इन रिलेशन में रहकर बर्तन आदि धोने का काम कर रही थी। 23 अप्रैल की सुबह नाश्ते को लेकर दोनांे के बीच विवाद हो गया। जिससे महिला ने नाराज होकर कांगड़ी के जंगल में सुसाइड कर लिया। सुसाइड की जानकारी मिलने पर ढाबा संचालक ने महिला के लावारिश होने के चलते शव को पेड़ से उतारकर नहर में फेंक दिया।
इसके बाद पुलिस आरोपी को साथ में ले जाकर जंगल में पहुंची तो एक पेड़ में महिला के बाल फंसे हुए मिले। आसपास खोज की तो महिला का शव नहीं मिला। पुलिस की अन्य टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया तो महिला का शव काफी सड़ी गली अवस्था में गुज्जरबस्ती गैंडीखता में नहर में मिला। पुलिस ने शव को नहर से निकालकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में महिला की मौत का कारण फांसी लगाने से होना पाया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपित केदार सिंह रावतपुर पुत्र जोड़ सिंह निवासी ग्राम रिया रुइया थाना व जिला चंपावत हाल निवासी ग्रीन पंजाबी ढाबा कांगड़ी थाना श्यामपुर हरिद्वार पर आत्महत्या के लिए उकसाना तथा साक्ष्य मिटाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कर उसका चालान कर दिया।