बुआ की सूनी गोद भरने के लिए चोरी किया था बच्चा, तीन गिरफ्तार

हरिद्वार। गत नौ दिसम्बर की देर शाम रोड़ी बेलवाला क्षेत्र से अपहरण किए गए बच्चे के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि पुलिस बच्चे को पहले ही सकुशल बरामद कर चुकी है। साथ ही बच्चे के अपहरण में जिस बाइक का प्रयोग किया गया था उसको पुलिस ने बीते रोज ही बरामद कर लिया था। साथ ही बाइक चोरी मामले में दो लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।


रविवार को नगर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि बच्चे के अपहरण मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि साक्षी पुत्री राम सिंह निवासी देवबंद ने अपने भतीजे मनीष कुमार पुत्र सूरजभान निवासी देवबंद को एक बच्चा लाने के लिए कहा था। साक्षी के कोई बच्चा नहीं था। अपनी बुआ की सूनी गोद भरने के लिए मनीष ने अपने साथ विशाल पुत्र अशोक कुमार निवासी देवबंद के साथ मिलकर प्लान बनाया और उसी योजना के तहत रोडीबेलवाला से खेल रहे चार वर्ष के बच्चे का अपहरण कर लिया।

बताया कि बच्चे का अपहरण कर आरोपी बच्चा देवबंद अपनी बुआ के यहां ले गए। बच्चे को पुलिस ने देवबंद से पूर्व में ही बरामद कर लिया था। जिसके बाद पुलिस के काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *