हरिद्वार। हरिद्वार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समाप्त हो गए हैं। जीते हुए प्रत्याशियों का शपथ ग्रहण समारोह भी हो चुका है। इसके साथ ही सभी दल खासकर भाजपा अब निकाय चुनाव की तैयारियों में लग गई है। विगत निकाय चुनाव में लाख कोशिशों के बाद भी भाजपा अपना मेयर नहीं बनवा पायी थी, किन्तु इस बार जिस प्रकार से अन्य दल चुनावी रणनीति में पिछड़ रहे हैं, उसको देखते हुए भाजपा अपनी पुरानी हार का बदला ले सकती है।
हालांकि नगर निगम के चुनाव में अभी करीब एक वर्ष का समय शेष है। बावजूद इसके तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। विगत चुनाव में हरिद्वार मेयर सीट महिला आरक्षित होने के कारण कई लोगों के अरमान धराशायी हो गए थे, किन्तु इस बार भी मेयर का चुनाव लड़ने वाले कई नेताआंें के अरमान धराशयी होने की पूरी संभावना है। सूत्र बताते हैं कि इस बार निकाय चुनाव में कांग्रेस नेता भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकते है। जिससे कई भाजपा नेताओं के अरमान फिर से धूल में मिल सकते हैं।
सूत्र बताते हैं कि चुनाव से पूर्व कांग्रेस नेता भाजपा का दामन थाम सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक अंदरखाने इस सबकी चर्चा हो चुकी है। कांग्रेस छोड़ भाजपा में आने पर नेता जी मेयर का चुनाव लड़ेंगे। हालांकि पूर्व में भी इनके भाजपा में आने की अटकलें लगीं थी, किन्तु ऐसा हो नहीं सका। सूत्र बताते हैं कि अब कांग्रेसी नेताजी निकाय चुनाव से पूर्व भाजपा के हो जाएंगे और मेयर का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ेंगे।