हरिद्वार। पंचायत चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी पहली बार हरिद्वार जिले में अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने जा रही है। हरिद्वार पंचायत चुनाव में मैजिक चलाने के बाद अब भाजपा पंचायत चुनाव जीतकर आए पंचायत प्रतिनिधियों को भाजपा में शामिल करवा रही है। आज निर्वाचित 9 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ली।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दावा किया है कि भाजपा जिला पंचायत के बाद ब्लॉक में अपना बोर्ड बनाने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा ऐसा पहली बार होगा कि आजादी के बाद से हरिद्वार जनपद में बीजेपी पंचायत चुनाव में अपना पूर्ण बहुमत के साथ बोर्ड बनाएगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में खानपुर ब्लॉक के निर्वाचित 9 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपना समर्थन भाजपा के ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी को दिया। जिसको लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में समर्थन पत्र क्षेत्र पंचायत सदस्यों के द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को दिया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहाकि हरिद्वार में 44 जिला पंचायत सदस्यों में से 36 जिला पंचायत सदस्य भाजपा के पास हैं। जिससे भाजपा अपना बोर्ड बनाएगी। इसके अतिरिक्त 6 ब्लॉक में भी भाजपा को उम्मीद है कि वहां पर भी भाजपा का ही बोर्ड बनेगा।


