दहशत का पर्याय बन चुका तेंदुआ वन विभाग के लगाए पिंजरे में आकर भी निकल गया। जिसके बाद से क्षेत्रवासियों मेे दहशत बनी हुई है। हालांकि वन विभाग पिंजरे में तेंदुए के फंसने की पुष्टि होने से इन्कार कर रहा है। घटना हल्द्वानी, काशीपुर के मानपुर रोड स्थित कौशांबी कॉलोनी की है।
कौशांबी एवेन्यू के आसपास घनी झाड़ियां हैं। लोगों का दावा है कि करीब दो सप्ताह से इसके पास एक तेंदुआ अपने बच्चों के साथ घूमते देखा गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी इसका वीडियो मिला था। कॉलोनी के लोगों की सूचना पर वनकर्मियों की टीम ने वहां दो पिंजरे लगाए लेकिन कई दिनों तक दोनों पिंजरे खाली रहे। रेंजर ललित आर्य के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बीते मंगलवार को ट्रैक्टरों पर सवार होकर ड्रोन कैमरे की मदद से कॉलोनी के आसपास कांबिंग की लेकिन तेंदुआ नहीं दिखा।
कॉलोनी में रहने वाले संजीव शर्मा, राम सिंह, श्याम सिंह आदि का कहना है कि बुधवार तड़के 4:40 बजे तेंदुआ एक पिंजरे में फंस गया। मौके पर मौजूद वनकर्मियों ने विभागीय अधिकारियों को फोन कर गाड़ी भेजने के लिए कहा लेकिन सुबह करीब सवा सात बजे वन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची तो पिंजरा खाली मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह सवा छह बजे पिंजरे के दो सरिये हटाकर तेंदुआ उसमें से निकल भागा। कॉलोनी के कई लोगों ने उसे दीवार फांदकर जंगल की ओर जाते देखा है।
जबकि दूसरी ओर रेंजर ललित का कहना है कि पिंजरे में तेंदुए के फंसने की पुष्टि नहीं हो सकी है। तेंदुआ फंसने संबंधी वायरल वीडियो के बारे में भी रेंजर ने कुछ कहने से इन्कार कर दिया। तेंदुए की खोज के लिए वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है, वहीं कॉलोनी वासियों मेे तेंदुए को लेकर दहशत बनी हुई है।