अरविंद पाडे, मदन कौशिक, बंशीधर भगत धामी कैबिनेट से हो सकते हैं बाहर
देहरादून। आज पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर से मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेने जा रहे हैं। देहरादून के परेड ग्राउंड में होने वाले धामी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी और अमित शाह के साथ बीजेपी के दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। इस बार धामी कैबिनेट में महिलाओं की भागीदारी को लेकर बीजेपी प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने संकेत दिए हैं। जिससे कैबिनेट में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, चंदन राम दास, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य और प्रेमचंद अग्रवाल को शपथ ग्रहण के लिए फोन जा चुके हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी हो सकती हैं। हाईकमान उन्हें विधानसभा का स्पीकर बना सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक आने वाले समय में विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। लेकिन सूत्र यह भी बताते हैं कि मदन कौशिक स्पीकर का पद नहीं लेना चाहते हैं। ऐसे में ऋतु खंडूड़ी को स्पीकर बनाया जा सकता है। इस बार अरविंद पाडे, मदन कौशिक, बंशीधर भगत धामी कैबिनेट से बाहर हो सकते हैं।